नए अधिकारियों की नियुक्ति होते ही नगर निगम की कार्यप्रणाली अचानक तेज होती दिख रही है। शहर में फैल रही बीमारियों को देखते हुए नगर निगम ने सफाई के लिए महाअभियान चलाने का निर्णय लिया है। रविवार की शाम मेयर मनोज गर्ग ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर डेंगू से लड़ने की रणनीति बनाई।
मेयर के कार्यालय में हुई बैठक में तय किया गया कि दशहरे के दिन कनखल से सफाई का महाअभियान शुरू किया जाएगा। जो शहर के सभी वार्डों में चलाया जाएगा। सभी 20 सेक्टरों के लिए नोडल अधिकारी तैनात करने के साथ ही 120 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी भी तैनात करने का निर्णय लिया गया है। मेयर ने कहा कि इस दौरान कहीं भी गंदगी दिखाई दी तो संबंधित क्षेत्र के निगरानी अधिकारी और सफाई नायक जिम्मेदार होंगे। बैठक में तय किया गया कि मेयर और नगर आयुक्त के मोबाइल नंबर व्हाटसएप सहित जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। अगर किसी को कहीं भी गंदगी के ढेर दिखाई देते हैं तो इन नंबरों पर फोटो सहित तस्वीर भेजी जा सकती है। तत्काल इस पर कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान यह भी तय किया गया कि हर वार्ड में जाकर मेयर और नगर आयुक्त खुद सफाई अभियान का भौतिक सत्यापन भी करेंगे। इसके साथ ही दवाइयों के छिड़काव का काम भी लगातार चलता रहेगा। फॉगिंग मशीन वाले दो-दो कर्मचारी हर वार्ड में संबंधित पार्षद को सौंपे जाएंगे। जो प्राथमिकता के आधार पर छिड़काव कराएंगे। बैठक में नगर निगम की आय के साधन बढ़ाने पर भी विचार किया गया। जिसमें नई दुकानों का निर्माण करना भी शामिल है। बैठक में नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह मीरीवाल, अपर नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त रविंद्र दयाल, पार्षद राजेश शर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
----------
रानीपुर मोड़ पर बनेगी पार्किंग
शहर के प्रमुख बाजार रानीपुर मोड़ क्षेत्र में सशुल्क पार्किंग भी बनाई जाएगी। मध्य हरिद्वार पंचपुरी का व्यवसायिक क्षेत्र है। पार्किंग के लिए व्यापारियों के पास बनाए जाएंगे। भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक व आसपास के शॉपिंग कांपलेक्स में आने वाले ग्राहकों के वाहनों की सुरक्षा पार्किंग से हो सकेगी। साथ ही जाम और अव्यवस्था से निजात मिल सकेगी, वहीं नगर निगम की आमदनी भी बढ़ेगी।
-------------
बदली जाएंगी बंद पड़ी लाइटें
शहर में बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटें बदलने का अभियान भी जल्दी ही नगर निगम की ओर से चलाया जा रहा है। बैठक में मेयर मनोज गर्ग ने बंद पड़ी सभी लाइटों को चिह्नित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरी प्रक्रिया अमल में लाकर सभी लाइटों को ठीक किया जाएगा।