जनपद के अशासकीय माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया आखिरकार स्थगित कर दी गई। अलग-अलग ब्लॉक के छह इंटर कालेजों में चल रही नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर तमाम तरह की शिकायतें सामने आ रही थी। प्रबंधन व विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों के बीच प्रभारी सीईओ ने 12 अक्तूबर के बाद होने वाले सभी साक्षात्कार स्थगित करते हुए नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
अशासकीय स्कूलों में खाली पद भरने के लिए पिछले दिनों नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई थी। इनमें केवी इंटर कालेज लक्सर, आर्य इंटर कालेज बहादराबाद, नेशनल इंटर कालेज धनौरी, आर्य कन्या इंटर कालेज रुड़की, कृषक इंटर कालेज रायसी व डीएवी इंटर कालेज झबरेड़ा मेें अलग अलग विषयों के 40 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। कृषक इंटर कालेज रायसी और डीएवी इंटर कालेज झबरेड़ा में प्रक्रिया आधे से अधिक पूरी होने पर 11 और 12 अक्तूबर को साक्षात्कार की तिथि तय की गई थी। लेकिन इससे पहले ही नियुक्ति प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। विभाग के कार्यालय तक लगातार गड़बड़ी की शिकायतें पहुंची। चूंकि नियुक्तियां प्रबंधन और विभाग दोनों को मिलकर करनी है, ऐसे में सवाल दोनों पर उठ रहे थे। अमर उजाला ने नियुक्तियों पर संशय के बादल देखते हुए रविवार के अंक में पेज नंबर 10 पर इस बाबत खबर भी प्रकाशित की थी।
आखिरकार प्रभारी सीईओ डा. पुष्पा रानी वर्मा ने 11 अक्तूबर को कृषक इंटर कालेज रायसी में होने वाले साक्षात्कार को छोड़कर बाकी पूरी प्रक्रिया स्थगित कर दी है। प्रभारी सीईओ डा. पुष्पा रानी वर्मा ने खुद इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि नियुक्तियों को लेकर लगातार शिकायतें आ रही थी। 11 अक्तूबर के बाद होने वाले सभी साक्षात्कार स्थगित करते हुए नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।