फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम की मुहिम सिरे चढ़ाएगा नगर निगम

Mon, 20 Mar 2017 10:12 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हरिद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के हाथों सोमवार को हर की पैड़ी से शुरू हुई ग्रीन हरिद्वार-क्लीन हरिद्वार मुहिम को अब नगर निगम सिरे चढ़ाएगा। शहरी विकास निदेशक के साथ मेयर मनोज गर्ग और नगर निगम अधिकारियों की बैठक में शहर की सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का खाका खींचा गया। सड़कों और नाला नालियों की नियमित सफाई के साथ ही यह भी तय हुआ कि अप्रैल के आखिर तक डोर टू डोर कचरा कलेक्शन योजना का विस्तार पूरे शहर में कर दिया जाएगा।      

धर्मनगरी को साफ स्वच्छ बनाने के लिए हर की पैड़ी से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत का अभियान शुरू होने के बाद नगर निगम में बैठक हुई। शहरी विकास निदेशक नवनीत पांडे ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कचरा कलेक्शन करने वाली कंपनी की शिकायत है कि उसे चार्ज नहीं मिल रहा है। जिस पर एनजीटी ने भी कंपनी से चार्ज न देने वाले प्रतिष्ठानों के नाम मांगे हैं। इस पर मेयर मनोज गर्ग का कहना था कि ऐसे प्रतिष्ठानों को नगर निगम की ओर से नोटिस दिया जाएगा। कंपनी की रसीदों को सत्यापन भी जरूरी है। चार्ज को लेकर व्यापार मंडलों से भी सहयोग लिया जाएगा। मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि हर वार्ड में 10 सफाई कर्मचारी तैनात रहें और नियमित रूप से सफाई करें। डोर टू डोर कचरा अप्रैल तक हर वार्ड से उठाया जाए। मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने इस अभियान की शुरूआत ही नहीं की है, बल्कि वह लगातार इसकी मॉनिटरिंग भी करेंगे। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी और सभी सर्किल अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी सफाई कर्मचारी ईमानदारी से ड्यूटी करें।      
विज्ञापन


मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि वह जल्द ही सात दिन 30 वार्ड अभियान शुरू करेंगे। जिसके तहत वह हफ्ते भर में सभी 30 वार्डों का निरीक्षण करेंगे। लापरवाह अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्य में शहर की जनता से सहयोग की अपील करते हुए मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि तीर्थयात्रियों से भी श्रमदान की अपील की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त अशोक पांडेय, सहायक नगर आयुक्त रविंद्र कुमार दयाल, अधिशासी अभियंता दिनेश शर्मा, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण कुमार आदि उपस्थित रहे।      

लाइट नहीं जली तो बताना होगा कारण      
बैठक में पथ प्रकाश व्यवस्था पर भी बराबर फोकस किया गया। मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि शत प्रतिशत लाइट जली होनी चाहिए। लाइट नहीं जलने का संबंधित अधिकारी कर्मचारी को पता होना चाहिए। जिन क्षेत्रों में लाइट नहीं लगी हैं, उनकी सूची तैयार की जाए। पोल नहीं हैं तो पोल भी लगाए जाएं।      
     
फेरी नीति लागू होने तक शुरू होगी तहबाजारी       
शहरी विकास निदेशक और नगर निगम के बीच बैठक में आमदनी के संसाधनों पर भी विचार विमर्श हुआ। तय हुआ कि फेरी नीति लागू होने तक तहबाजारी के लिए टेंडर कराए जाएं। सिंचाई विभाग के अधीन सहित सभी पार्किंगों की व्यवस्था नगर निगम संभाले। इसके लिए मेयर ने नगर आयुक्त को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। वहीं बोर्ड बैठक में पास हुए प्रस्तावों पर सिलसिलेवार गौर किया गया। जिसमें संपत्ति फ्री होल्ड करने के लिए जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। मेयर मनोज गर्ग का कहना था कि संपत्ति फ्री होल्ड होने से वर्तमान किराये से ज्यादा टैक्स नगर निगम को प्राप्त हो सकता है। जिससे बेरोजगारों को रोजगार मिल सके।      
      
केंद्र की योजनाओं की मांगी प्रगति रिपोर्ट      
बैठक में शहरी विकास निदेशक ने केंद्र की योजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से लेकर नमामि गंगे, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत जैसी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी और उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार गंगा घाटों और शमशान की सफाई व्यवस्था नियमित रूप से होनी चाहिए।       
विज्ञापन

      
सीएम त्रिवेंद्र रावत ने हरिद्वार का साफ स्वच्छ बनाने की मुहिम शुरू की है, इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नगर निगम और शहर के नागरिकों की है। आमजन के सहयोग से नगर निगम हरिद्वार को ग्रीन व क्लीन बनाएगा। इस बारे में विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है। मुझे हर दिन सचिवालय भी जाना पड़े तो मैं जाऊंगा, मगर व्यवस्थाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।- मनोज गर्ग, मेयर हरिद्वार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें