- जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने संपूर्ण जिले में एक घंटे के श्रमदान का किया आह्वान
माई सिटी रिपोर्टर
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत जिलेभर में स्वच्छता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई अभियान को लेकर पूरी तैयारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के शहरी क्षेत्रों में निकाय प्रशासन और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग के साथ नोडल विभाग स्वजल स्वच्छता की कमान संभाल रहा है।
स्वजल के परियोजना प्रबंधक के अनुसार जिलेभर में स्वच्छता कार्यक्रम के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। इसके लिए ब्लाॅक स्तर से सभी खंड विकास अधिकारी और ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत अधिकारियों को कार्यक्रम आयोजन के लिए पत्र प्रेषित किया गया है। सचिव स्वच्छता एवं पेयजल अरविंद सिंह ह्यांकी ने इसके लिए बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए स्वजल और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
नोडल अधिकारी चंद्रकांत त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायत समितियों और नगरीय निकाय क्षेत्रों में लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया है। समस्त विकास खंडों के लिए यूजर आईडी भी जारी की गई है। इसके माध्यम से ग्राम पंचायतों व नगरीय क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कोई भी शामिल हो सकता है। फोटो और वीडियो भी अपलोड करने की सुविधा होगी। इसका चयन किया जाएगा, जिसके आधार पर कार्यक्रमों को विशिष्ट पहचान मिलेगी।
सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी करेंगे एक घंटे सफाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत एक अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को भी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। इसके सुबह दस बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी अपनी सहभागिता से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना होगा।