कोर्ट में विचाराधीन भूमि विवाद के चलते गांव मिस्सरपुर के एक परिवार पर मंगलवार को दूसरे पक्ष का कहर टूटा। दूसरे पक्ष ने अपने समर्थकों के साथ घर में घुसकर पूरे परिवार की बुरी तरह पिटाई करने के साथ ही घर में तोड़फोड़ भी की। पीडित पक्ष के बार। बार सूचना देने के बाद भी पुलिस काफी देर से घटनास्थल पर पहुंची।
गांव मिस्सरपुर में पेशे से शटरिंग का काम करने वाले छविराम सैनी परिवार समेत रहते है। उनका अपने पड़ोसी अशोक शर्मा से भूमि को लेकर विवाद कोर्ट में विचाराधीन है। छविराम सैनी पक्ष का आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अशोक शर्मा अपने साथियों के साथ उनके घर घुस आया और लाठी डंडों से उन पर हमला बोल दिया।
बीच बचाव में आई पत्नी जगवती देवी, बेटे वासु एवं बेटी राखी को भी नहीं बख्शा। उन्हें भी बुरी तरह पीटने के बाद हथौड़े फावडे से घर की एक दीवार भी तोड़ दी। आरोप है कि पुलिस को भी कई बार सूचना देने के बाद भी वह देर से पहुंची और उल्टा उन्हें ही चौकी ले आई। इधर, छविराम सैनी परिवार की मदद को आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधि एकत्र होकर चौकी पहुंचे। पुलिस की जनप्रतिनिधियों से नोकझोंक भी हुई। तब कही जाकर सैनी परिवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित छविराम सैनी ने आरोप लगाया कि अशोक शर्मा का बेटा एक हिंदू संगठन में है और उनके घर में तोड़फोड़ करने वाले भी पास के गांव पंजनहेडी के ही रहने वाले थे। इधर, जगजीतपुर चौकी प्रभारी वेदपाल सिंह ने बताया कि छविराम सैनी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कर कर रहे है।