कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में 13 वर्षीय छात्र की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सौंप दिया है। वहीं पुलिस मौके से फरार हुए ट्रक चालक की खोजबीन में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात को कनखल स्थित हनुमंतपुरम निवासी यशवंत अपने रिश्ते के भांजे कुश (13) पुत्र अमित वर्ष निवासी हनुमंतपुरम कनखल के साथ जगजीतपुर अड्डे पर गए थे। जगजीतपुर से लौटते समय पेट्रोल पंप के सामने बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान कुश बाइक से छिटक कर रोड पर जा गिरा। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने कुश को कुचल कर चला गया। नाबालिग की मौके ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को रात में ही पकड़ा था। लेकिन आरोपी ट्रक ड्राइवर मौका देखकर फरार हो गया। कनखल थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।