हरिद्वार। वैध तरीके से चुगान खुलवाने की मांग को लेकर कई दिन से ग्राम शाहपुर में क्रमिक अनशन पर बैठे चुगान समर्थकों ने बुधवार को सैकड़ों लोगों कलेक्ट्रेट घेरने का ऐलान कर दिया। अचानक लिए गए इस फैसले की जानकारी जब तक प्रशासन को मिली तो तब तक बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ रोशनाबाद पहुंच चुके थे। अधिकारियों ने अधिकतर ग्रामीणों को सराय के पास ही रोक दिया। जिस पर ग्रामीण वहीं धरना देकर बैठ गए। बाद में हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एचएस चुघ से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की भावना से शासन को अवगत कराने का भरोसा दिलाया।
लक्सर- हरिद्वार मार्ग के कई गांवों के ग्रामीण चुगान खोलने की मांग को लेकर शाहपुर में क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। बुधवार को रानीमाजरा, बिशनपुर, कुंडी, टिकौला, शाहपुर, टांडा भागमल, टांडा भोगपुर, टांडा मजादा, तिलकपुरी, हरसीवाला, बादशाहपुर, धारीवाला, सुल्तानपुर के ग्रामीण दोपहर करीब 12 बजे ट्रैक्टरों में सवार होकर रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट परिसर घेरने के लिए चल दिए। आनप-फानन में पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए, जिस कारण ट्रैक्टर संचालक कलेक्ट्रेट परिसर में दाखिल नहीं हो सके। बाद में ट्रैक्टर चालकों ने सहायक श्रमायुक्त कार्यालय से लगे खाली मैदान में अपने ट्रैक्टर खड़े कर दिए। जबकि बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों को पुलिस ने ज्वालापुर सब्जी मंडी के आसपास रोक कर ट्रैक्टर खड़े करा दिए। जिससे ज्वालापुर सब्जी मंडी से सराय रोड पर जाम लगा दिया। पथरी के आसपास भी ट्रैक्टरों को रोक दिया गया। चुगान समर्थित नेताओं को पुलिस की ओर से ज्वालापुर सब्जी के पास रोकने के बाद रोशनाबाद पहुंचे ट्रैक्टर चालक नेताओं का इंतजार करते रहे। लेकिन सवा तीन बजे तक पदाधिकारियों के कलेक्ट्रेट न पहुंचने से रोशनाबाद पहुंचे ट्रैक्टर चालक भी अपने ट्रैक्टर लेकर ज्वालापुर पहुंचे और वहीं धरना देकर बैठ गए। स्थानीय ग्रामीण सोनू कुमार, जनेश्वर, शेर सिंह, रोशन सिंह, ऋषिपाल, प्रमोद रवि, मोहित, अजय, ललित, अनुज का कहना था कि शासन प्रशासन को जनहित चुगान खोलना चाहिए। जो कि गढ़वाल मंडल विकास निगम के माध्यम से किया जाए। उनका कहना था जिला प्रशासन की ओर चुगान पर रोक लगाने से स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट हो गया है। उन्होंने कहा कि जनहित चुगान खोलना चाहिए। कई घंटे तक चले हंगामे के दौरान हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद भी धरना स्थल पर पहुंच गए। इसके बाद प्रशासन ने उनकी मुलाकात मायापुर स्थित कैंप कार्यालय पर डीएम हरबंस सिंह चुघ से कराई । उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी भावना से शासन को अवगत करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी से मिलने वालों में संघर्ष समिति के अध्यक्ष सरदार रोहिताश सिंह, मनोज चौहान, गर्वित चौधरी, संजय धींगड़ा, निशांत, आशीष बंसल, विनय चौधरी, समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।