हरिद्वार। नगर निगम के पथ-प्रकाश एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने वेतन और पेंशन की मांग को लेकर मुख्य नगर अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन व घेराव किया। आक्रोशित कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एमएनए बार-बार भुगतान कराने का आश्वासन देती हैं लेकिन भुगतान होता नहीं है।
कर्मचारी काफी समय से अपने वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारी पेंशन संबंधी मांगों को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को उन्होंने एमएनए के कार्यालय पर पहुंचकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों की मांगों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रहा है। पथ-प्रकाश कर्मचारियों ने प्रमोद, मनोज, भूषण आदि के नेतृत्व में और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने राजेंद्र त्रिपाठी, मदनपाल, किशन चंद बोहरा, रमेश, रामचरण, धनीराम, श्रीकृष्ण वाजपेयी व मुस्तफा के नेतृत्व में प्रदर्शन व घेराव कर एमएनए को अपनी समस्याओं की जानकारी दी। एमएनए ने तुरंत ही सभी को एक माह का वेतन का भुगतान करने और सेवानिवृत्त कर्मियों को बकाया एक एरियर के भुगतान के रूप में पौने चार लाख रुपये का भुगतान करने का आश्वासन देकर शांत किया।
-----------------
आवारा सूअरों की होगी नीलामी
हरिद्वार। नगर निगम आवारा सूअरों को धरकपड़ का अभियान शुरू करने जा रहा है। अभियान रविवार व सोमवार से प्रारंभ होगा। नगर निगम प्रतिदिन पकड़े जाने वाले सूअरों को टिबड़ी के कॉजी हाउस के बाड़े रखा जाएगा और सायं 5 बजे उनकी सार्वजनिक नीलामी की जाएगी। सूअर पकड़ने का ठेका गांव पदार्था निवासी राजेंद्र के नाम छूटा है। उसने प्रति छोटा सूअर 90 रुपये और प्रति बड़ा सूअर 140 रुपये में पकड़ने का न्यूनतम रेट दिया था। सूअर पकड़ने का अभियान सफाई निरीक्षकों (एसआई) की देखरेख में चलेगा और पकड़े गए सूअरों की नीलामी की कार्यवाही सहायक नगर अधिकारी, लेखाधिकारी, नगर अभियंता एवं कर अधीक्षक की चार सदस्यीय कमेटी दकी देखरेख में होगी। नीलामी में पकड़े गए सूअरों का लेने वाले ठेकेदार को सूअर नगर सीमा से बाहर ले जाने का शपथ पत्र देना होगा। मुख्य नगर अधिकारी विप्रा त्रिवेदी ने बताया कि हरिद्वार, मायापुर, कनखल तथा ज्वालापुर में अभियान चलाकर आवारा सूअरों को पकड़ा जाएगा । शहर को सूअर फ्री किया जाएगा।