हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में आपसी विवाद को शांत कराने की कोशिश करना बाइक मैकेनिक को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने मैकेनिक पर कैंची से हमला कर दिया। घायल को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मामला ज्वालापुर के मोहल्ला कड़च्छ की है। यहां पुनीत उर्फ मांगेराम की बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। बृहस्पतिवार रात मोहल्ले में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। पुनीत ने विवाद को शांत करने की कोशिश की। इसी दौरान एक पक्ष से जुड़े अभिषेक उर्फ पहाड़ी ने पहले पुनीत के साथ हाथापाई की और फिर पास के एक सैलून से कैंची उठाकर उस पर हमला कर दिया।
हमले में पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। अभी तहरीर नहीं आई है। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।