प्रेमिका के शादी की जिद पर अड़ जाने से परेशान प्रेमी ने ही उसे गंगनहर में धक्का दे दिया था। पुलिस की पूछताछ में प्रेमी ने यह हकीकत बयां की है। रानीपुर पुलिस अब जल पुलिस की मदद से युवती की तलाश में जुट गई है। युवती के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने हत्या के आरोप में प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
रानीपुर के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती पांच दिन पहले लापता हो गई थी। परिजन ने पुलिस को मौखिक शिकायत की थी। शुक्रवार को युवती के घर पहुंचे मखियाली लक्सर निवासी अंकित पुत्र बलवीर ने बताया था कि परिजन उन दोनों की शादी के लिए राजी नहीं थे, इसलिए उन दोनों ने गंगनहर में छलांग लगा दी थी। इसी बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसकी जान तो बचा ली थी, लेकिन युवती डूब गई थी। इस बात से गुस्साए युवती के परिजन ने युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस को युवक की कहानी पर यकीन नहीं हुआ। इसपर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसपर युवक टूट गया और उसने मामले का खुलासा किया। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि युवती से उसका प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। युवती लगातार युवक पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी बीच युवक की अन्य जगह से रिश्ते की बात चल रही थी। इसलिए वह अभी तुरंत शादी नहीं करना चाहता था। युवती लगातार शादी की बात पर अड़ी हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों गंगनहर किनारे मिले थे। वहां शादी को लेकर दोनों में बहस हो गई। मौका पाकर युवक ने युवती को गंगनहर में धक्का दे दिया। मामले के खुलासे के डर से उसने युवती के परिजनों को गलत कहानी सुना दी ताकि उसपर कोई शक न करे। युवती के पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक डीजे के पेशे से जुड़ा हुआ है। वहीं पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है।