हरिद्वार। फर्जी दस्तावेज बनाकर 2.56 करोड़ की जमीन को 39 लाख रुपये में दूसरे व्यक्ति को बेच देने का मामला सामने आया है। एसएसपी के निर्देश पर ज्वालापुर पुलिस ने एक महंत सहित चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार गोस्वामी निवासी सिकरी खुर्द, मोदीनगर गाजियाबाद ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि मुकेश गौड़ निवासी खारी कुआं हापुड़ उत्तर प्रदेश से ज्वालापुर क्षेत्र की 0.8760 हेक्टेयर भूमि 2.56 करोड़ 50 हजार रुपये में खरीदी थी। उस जमीन का स्वामित्व और कब्जा उसी समय से उसके पास है। आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उन्हें जानकारी मिली कि उसी जमीन को 16 जनवरी 2025 को मुकेश गौड़ ने साजिश कर कूटरचित रजिस्ट्री व दस्तावेज बनाकर धोखाधड़ी करते हुए महंत वेदानंद सरस्वती निवासी खारी कुआं हापुड़ यूपी 39 लाख तीन हजार में बेच दी।
आरोप है कि जमीन खरीद में वेदानंद का पुत्र सचिन कुमार और नीरज गिरी निवासी कैलाश गली भूपतवाला गवाह हैं। आरोप लगाया कि मुकेश गौड़ उर्फ मुकेश शर्मा, वेदानंद सरस्वती और सचिन कुमार पर कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।