हरिद्वार। शिवालिक नगर में कांग्रेस नेता की बेटी को बंधक बनाकर लाखों की लूट को अंजाम देने वाले बदमाशों के गिरेबान तक पुलिस के हाथ पहुंच गए हैं। बदमाशों के तार सहारनपुर से जुड़े हुए हैं। माना जा रहा है कि रविवार को पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी कर लूटकांड का खुलासा कर सकती है।
कांग्रेस पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं बीएचईएल से रिटायर चौधरी कुलवीर सिंह शिवालिक नगर के कलस्टर स्थित घर में मंगलवार को तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर उनकी बेटी मोना चौधरी को बंधक बना लिया था। इसके बाद आरोपी अलमारी में रखे लाखों के जेवरात, लाइसेंसी रिवाल्वर, राइफल के कार्टेज व नकदी लूटकर भाग निकले थे। यही नहीं घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार भी ले गए थे। बाद में पथरी पावर हाउस के पास कार छोड़ गए थे। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पुलिस और एसओजी की सात टीमें गठित करते हुए बदमाशों की धरपकड़ में लगाई थी।
पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी थी और पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व आसपास के जिलों में दबिश दे रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बदमाशों को चिह्नित कर लिया गया और उन तक पुलिस पहुंच गई है। सहारनपुर से बदमाशों का कनेक्शन है। वहीं, नगर पुलिस अधीक्षक पंकज गैरोला ने बताया कि टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।