नाभा जेल से फरार हुए आतंकियों की खोज में दूसरे दिन भी दिनभर पुलिस एक्सरसाइज में जुटी रही। हाईवे पर हरियाणा, पंजाब व दिल्ली नंबर के चौपहिया वाहन की सघन चेकिंग की गई। होटल, लॉज, धर्मशाला पर भी खुफिया निगाहें टिकी रही।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल पर मिले बैग से पंजाब पुलिस की वर्दियां बरामद होने के बाद जेल से फरार हुए कुख्यातों के हरिद्वार में होने की आशंका बढ़ गई थी। बुधवार देर रात ही गढ़वाल रेंज में अलर्ट घोषित कर दिया गया था और पुलिस सड़क पर उतर आई थी। एलआईयू, स्पेशल ब्रांच की अलग अलग टीमें भी होटल, लॉज, धर्मशालाओं को खंगालने में जुट गई थी। यही सिलसिला बृहस्पतिवार को भी चलता रहा। हाईवे पर पुलिस सघन चेकिंग में जुटी रही। नगर पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा खुद कई घंटों तक हाईवे पर जुटे रहे।
इधर, श्यामपुर एसओ प्रदीप तोमर ने क्षेत्र के धर्मस्थल पर पहुंचकर वहां ठहरे लोगों के बारे में जानकारी ली। बाकायदा आईडी प्रूफ भी चेक किए। हाईवे पर बने ढाबों पर भी पुलिस ने दस्तक दी। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। हरकी पैड़ी, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग कर रहे है।