तमिलनाडु के कुन्नुर सेना के हेलीकॉप्टर हादसे सीडीएस जनरल बिपिन रावत उनकी पत्नी मधुलिका सहित सेना के 13 लोगों के निधन पर धर्मनगरी से लेकर देहात तक शोक की लहर दौड़ गई। धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने निधन पर शोक जताते हुए इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी (निरंजनी) ने जनरल बिपिन रावत के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि हादसा पूरे देश के लिए दुखद है। उन्होंने कहा कि जनरल रावत उत्तराखंड की शान और देश के सच्चे सपूत थे। उनके नेतृत्व में देश की सेना कई गुना मजबूत हुई है। चीन और पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा लेने में उन्होंने हमेशा सेना का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने में देवभूमि के लाल आगे रहे हैं। जनरल बिपिन रावत भी उन्हीं में से एक थे। वह अदम्य साहस की मिसाल थे।
अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेशाध्यक्ष व निर्मल अखाड़े के कोठारी जसविंदर सिंह, प्रदेश महामंत्री व जगन्नाथ धाम खड़खडी के महंत अरुण दास ने कहा कि तमिलनाडु के कुन्नुर में हुआ हेलीकॉप्टर हादसा देशवासियों के दिलों को घाव दे गया। उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए संत समिति ईश्वर से प्रार्थना कर श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
पूर्व सैनिकों ने दी श्रद्धांजलि
तमिलनाडु के कुन्नुर में हुए हेलीकाप्टर हादसे में दिवंगत हुए सीडीसी बिपिन रावत व उनकी पत्नी समेत अन्य लोगों को देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने श्रद्धांजलि दी। समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र त्यागी ने कहा कि इस हादसे में देश को बड़ा नुकसान हुआ। शोक जताने वालों में योगेंद्र पुरोहित, बीएम शर्मा, विजय शंकर चौबे, ओम प्रकाश थापा, मुकेश कुमार, ऋतुराज चौहान आदि शामिल रहे।
अखाड़ा परिषद ने दी श्रद्धांजलि
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी (महानिर्वाणी) ने हेलीकॉप्टर हादसे में दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की। निर्मोही अणि के अध्यक्ष व व अखाड़े के महामंत्री श्रीमहंत राजेंद्र दास उपाध्यक्ष व कोठारी महंत दामोदर दास, कोषाध्यक्ष जसविंदर सिंह शास्त्री, मंत्री रामकिशोर दास मंत्री, प्रवक्ता श्रीमहंत गौरीशंकर दास ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीडीएस बिपिन रावत उत्तराखंड के लाल होने के साथ ही तीनों सेना के प्रमुख थे। देवभूमि का बेटा शहीद हो गया। इस दुखद घड़ी में संत समाज उनके परिवार के साथ है।
- आलोक गिरि, परामाध्यक्ष सिद्धबली नर्मदेश्वर महादेव मंदिर
देवभूमि के लाल ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए हैं। देवभूमि व देश को अपने इस लाल पर गर्व है। संत समाज को उनके निधन से आघात लगा है।
-राममेश्वरानंद सरस्वती महामंडलेश्वर, महानिर्वाणी अखाड़ा
देश की रक्षा के क्षेत्र में सीडीएस बिपिन रावत ने अपना अमूल्य योगदान दिया है। उनके योगदान को देश कभी नहीं भूलेगा। वह हमेशा देशवासियों के दिलों में जिंदा रहेंगे।
- प्रवीण कुमार, समाजसेवी
- सीडीएस बिपिन रावत देश की तीनों सेनाओं के प्रमुख होने के साथ ही हर मोर्चे पर सेना का खुद नेतृत्व करते हैं। काल ने असमय उन्हें हमसे छीन लिया। देव भूमि व देश के लाल को नमन है।
- रवि ढ़ीगडा व्यापारी
देश ने आज महान सैनिक खो दिया। सीडीएस की क्षति को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। यह हमारे लिए बड़ा नुकसान है।
- सुरेश तनेजा, राजनेता
- देवभूमि के लाल व देश की रक्षा के लिए हमेशा चिंतित रहने वाले सीडीएस बिपिन रावत की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। देशवासी दिवंगत आत्मा के हमेशा ऋणी रहेंगे।
- स्वामी हरिचेतनानंद , महामंडलेश्वर
- देश की सीमाओं पर डटे भारतीय सैनिकों व देश की चिंता करने वाले सीडीएस बिपिन रावत के रूप में आज देशवासियों ने एक महान व्यक्ति को खो दिया। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।
- प्रदीप तोमर, समाजसेवी