घर से बुलाकर युवक का अपहरण कर आरोपियों ने उसे जंगल में पेड़ से बांध दिया। युवक का शोर सुनकर एक अंजान व्यक्तियों ने उसको बचाया। जिसके बाद युवक घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने युवक के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के मुुताबिक ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पांवधाई निवासी विशेष ने शिकायत देकर बताया कि उसके बड़े भाई हर्षित को मोहल्ला घोसियान निवासी अलीशान व आजिश ने 11 सितंबर की सुबह 11 बजे घर से अपनी दुकान पर बुलाया। दुकान पर बुलाने के बाद आरोपियों ने उसके भाई को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद उसे उठाकर भेल के जंगलों में ले गए और पेड़ से बांध दिया। उसे पीटा गया। हर्षित की चीख पुकार सुनकर उधर से गुजर रहे अंजान लोगों ने उसे बचाया। जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
उनका कहना है इसके बाद उसका भाई बंधन मुक्त होकर घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।