नोट बंदी ने हरिद्वार पुलिस की पेशानी पर बल डाल दिए है। हर बैंक की शाखा पर पुलिस निगाहें गढ़ाए बैठी है। एसओ और इंस्पेक्टर से लेकर पुलिस कर्मी लगातार बैंकों का मुआयना कर रहे है।
भले ही पांच सौ और एक हजार के नोट बंद हो गए है लेकिन अभी उन्हें जमा करने की अवधि काफी दूर है। आमजन फिर भी आपाधापी में कई कई लाख की रकम लेकर बैंक शाखाओं की दौड़ लगा रहे है। ऐसे में हरिद्वार पुलिस को यही डर सता रहा है कि कहीं कोई आमजन शिकार न बन जाए। पूरी पंचपुरी में ही बैंक शाखाओं की खासी तादाद है। जिसके चलते चेतक पुलिसकर्मियों, रोजमर्रा की गश्त के अलावा अतिरिक्त फोर्स भी बैंक शाखाओं पर तैनात कर दिया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर सुबह से लेकर शाम तक व्यवस्था बनाए रखने का भी जिम्मा है। नगर पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के मुताबिक हर नागरिक की सुरक्षा का दायित्व पुलिस का है। कोई घटना न हो जाए इसलिए आमजन से अपील है कि वे अधिक कैश जमा करा रहे है तो पुलिस की मदद ले सकते हैं।