हरिद्वार। फब्तियां कसने वालों पर कार्रवाई करने पुलिस रोड धर्मशाला पहुंची तो उन पर कांवड़ियों ने पथराव कर दिया। आनन-फानन में भारी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंची और धर्मशाला का घिराव करते हुए सभी कांवड़ियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। एहतियातन धर्मशाला के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है।
रोड धर्मशाला में बड़ी संख्या में कांवड़िए ठहरे हुए हैं। धर्मशाला के बाहर कांवड़िए हंगामा कर रहे थे। आने-जाने वाली युवतियों-महिलाओं पर यह दो दिन से फब्तियां कस रहे हैं। कांवड़ियों के उत्पात मचा देने की सूचना पर दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जैसे ही यह धर्मशाला में पहुंचे कांवड़ियों ने उन्हें घेर लिया। इसी बीच धर्मशाला से कुछ कांवड़ियों ने इन पर पथराव कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एएसपी मणिकांत मिश्रा, सीओ कनखल मनीषा जोशी, कोतवाली प्रभारी ज्वालापुर धीरेंद्र सिंह रावत, मायापुर चौकी प्रभारी दुर्गेश चंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले धर्मशाला के बाहर खड़े कांवड़ियों के वाहन हटवाए और फिर धर्मशाला की घेराबंदी कर फोर्स धर्मशाला में घुस गई। पुलिस ने हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस हिदायत के बाद पुलिस अधिकारी बाहर आ गए। करीब एक घंटे तक पुलिस फोर्स धर्मशाला में डटी रही। इस दौरान आसपास की कालोनियों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में सामने आया कि धर्मशाला में ठहरे कांवड़िए दो दिन से युवतियों-महिलाओं पर फब्तियां कस रहे हैं। नगर पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मौके पर पुलिस तैनाती कर दी गई है। हुड़दंगियों से सख्ती से निपटा जाएगा।