चिलचिलाती धूप, पसीना-पसीना लोग और वाहनों की कतारों से उठता शोर। रविवार को वीकेंड पर कुछ ऐसा ही नजारा था दिल्ली-दून हाईवे पर। सुुबह से शाम तक दो किलोमीटर के बॉटल नेक रास्ते पर जाम लगा रहा। हालात यह हो गई थी वाहन सर्विस लेने में घुसकर एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगे रहे और जाम बढ़ता गया। इसके बाद यातायात पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। वाहनों में सवार यात्री पसीने से तरबतर हो गए और पानी के लिए परेशान रहे।
तीन मई से शुरू हो रही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के लिए यात्रियों का धामों की तरफ जाना शुरू हो गया है। इसके साथ ही वीकेंड पर बड़ी संख्या में यात्री हरिद्वार से ऋषिकेश की तरफ जाते हैं। रविवार को भी बड़ी संख्या में बाहरी प्रदेशों के यात्री हरिद्वार पहुंचे। यात्रियों की भीड के चलते हाईवे पर कई जगहों पर जाम लगा रहा। सबसे अधिक जाम सप्तऋषि चौक से शांतिकुंज के गेट नंबर दो तक नजर आया। फ्लाईओवर का निर्माण होने के चलते रास्ता बॉटलनेक हो जाने के चलते यहां पर वाहनों की दो से अधिक लाइन लग गई। इसके साथ ही कई जगहों पर जाम लगने से वाहन चालक सर्विस लेन की तरफ अपने वाहनों को ले गए। इससे स्थिति और बिगड़ गई। इसके अलावा पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्किंग जाने वाली सर्विस लेन पर भी घंटों तक जाम लगा रहा। शंकराचार्य चौक पर भी वाहनों का काफी दबाव रहा। वहीं चंडी चौक से हरिद्वार-नजीबाद हाईवे पर भी जाम लगता रहा।
गलियों में भी घुसे वाहन
वीकेंड के चलते शहर की गलियों में बने होटलों के बाहर वाहनों के खड़े होने से इन गलियों में भी जाम लगा रहा। वाहनों के खड़े होने से इन गलियों से निकलने वाले स्थानीय लोगों को काफी परेशानी भी हुई।