दोस्तों के साथ बीच कैंपिंग के लिए शिवपुरी आया आईआईटी रुड़की का एमटेक छात्र गंगा में डूब गया। पत्थर से गोता लगाने के बाद एक बार नजर आने के बाद गहरे पानी में लापता हो गया। दोस्तों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी में सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
बीते बृहस्पतिवार आईआईटी रुड़की के एमटेक अंतिम वर्ष के 13 छात्रों का दल बीच कैंपिंग के लिए शिवपुरी में पैराडाइज कैंप आया था। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह 10 बजे सभी साथी कैंप में आराम कर रहे थे, तभी एक छात्र ने गंगा में नहाने की इच्छा जताई।
दोस्तों ने उसे खतरे का हवाला देकर रोकना चाहा, लेकिन वह खुद को कुशल तैराक बताते हुए गंगा तट की ओर बढ़ गया। बताया जाता है कि छात्र एक पत्थर पर चढ़ा और गोता लगाने के लिए गंगा में कूद पड़ा। तब तक उसके दोस्त भी पीछे से आ गए।
दोस्तों के मुताबिक गोता लगाने के बाद छात्र एक बार ऊपर नजर अाया, लेकिन तुरंत ही बेहद गहरे पानी में ओझल हो गया। यह देखकर दोस्तों में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार मच गया। शोर सुनकर कैंप कर्मचारी मौके पर दौड़े आए और पुलिस को सूचना दी। जल पुलिस और गोताखोरों ने नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मुनिकीरेेती थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत नेेे लापता छात्र की पहचान राजेश कुमार (24) पुत्र त्रिपुरारी शर्मा निवासी बाजपुर, बिहार के रूप में कराई। पुलिस ने बताया कि पानी में लापता छात्र के परिजनों को सूचना दे दी है, जो बिहार से संभवत: शनिवार दोपहर तक शिवपुरी पहुंचेंगे। पुलिस ने बताया कि तैराकी का शौक छात्र को भारी पड़ा।