बहादराबाद। दिल्ली से ऋषिकेश जा रही एक इको स्पोर्ट्स कार में सवार दो लोगों के पास से एटीएस ने 60 लाख रुपये पकड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एटीएस निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर बोंगला में चेकिंग चल रही थी। इस बीच दिल्ली की ओर से आ रही एक ईको कार की पुलिस ने तलाशी ली तो 60 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। उस समय कार में मनीष निवासी श्यामपुर ऋषिकेश और चालक सतेंद्र सिंह सवार थे। पुलिस के अनुसार दोनों का कहना है कि वह विदेशी करेंसी को भारतीय करेंसी में बदलने का काम करते हैं। सीओ राजेश भट्ट का कहना है कि मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है। आयकर विभाग देहरादून के इनकम टैक्स ऑफिसर शमीम अहमद ने बताया कि अभी मामले की जांच की जा रही है। पकड़े गए दोनों लोगों से आयकर विभाग की टीम देर रात तक पूछताछ करती रही। अभी तक जांच में कोई आपराधिक मामला सामने नहीं आया है।