हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परिषदीय परीक्षा-2022 के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 116 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इनमें 17 एकल और 99 मिश्रित केंद्र शामिल हैं। परिषदीय परीक्षा में कुल 41830 विद्यार्थी शामिल होंगे।
शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी पीएल शाह को परिषदीय परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी वीएस चतुर्वेदी ने यह जानकारी दी। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य शिक्षाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 20 संवेदनशील और नौ अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 2022 की परीक्षा में कुल 41830 विद्यार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल के 22114 परीक्षार्थी संस्थागत और 735 व्यक्तिगत रूप से परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट में 17958 संस्थागत और 1023 व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे।
वीएस चतुर्वेदी ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परिषदीय परीक्षा में हाईस्कूल में 12030 बालक व 10819 बालिकाएं हैं। जबकि, इंटरमीडिएट में 9870 बालक और 9111 बालिकाएं संस्थागत व व्यक्तिगत रूप से परीक्षा देंगे। अपर जिलाधिकारी ने तमाम तैयारियों का फीडबैक लेने के बाद अधिकारियों को परीक्षा से संबंधित इंतजाम समय से सुनिश्चित करने के निर्देेश दिए। मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह, बीईओ बहादराबाद अजय कुमार चौधरी, बीईओ नारसन अमित कोटियाल, कुंदन सिंह, राइंका ज्वालापुर की प्रधानाचार्य पूनम राणा, भानू प्रताप शर्मा आदि मौजूद रहे।