जिला एवं सत्र न्यायालय में बुधवार को नहीं हो सकी सुनवाई, पेश नहीं हुईं उर्मिला
एसीजेएम कोर्ट से मिली जमानत को विवेचक ने दी है चुनौती
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में रिहा हुई उर्मिला सनावर की जमानत के खिलाफ पुलिस की याचिका पर अब दो दिसंबर को सुनवाई की जाएगी। बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में सुनवाई नहीं हो पाई। उर्मिला के अदालत में पेश नहीं होने के चलते मामले की सुनवाई आगे नहीं बढ़ पाई। अब न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए दो दिसंबर की तारीख तय की है।
उर्मिला सनावर को 25 अक्तूबर को रानीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोप था कि उर्मिला ने सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर से पांच करोड़ की रकम मांगी और रविदास धाम नाम कराने का दबाव बनाया था। एसीजेएम कोर्ट ने दो नवंबर को उन्हें 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो जमानती प्रस्तुत करने की शर्त पर जमानत दी थी। हालांकि, जमानत आदेश के बाद भी जमानती पेश नहीं होने के कारण उनकी रिहाई अटक गई थी। बाद में छह नवंबर को वह जेल से बाहर आई थीं।
मामले में विवेचक संदीपा भंडारी ने एसीजेएम कोर्ट की ओर से दो नवंबर को उर्मिला को दी गई जमानत के आदेश के खिलाफ जिला एवं सत्र न्यायालय में याचिका दाखिल की थी। पुलिस ने निचली अदालत के जमानत आदेश पर आपत्ति जताते हुए उसे चुनौती दी है। जिला शासकीय अधिवक्ता इंद्र पाल बेदी के मुताबिक, न्यायालय ने सात नवंबर को याचिका पर सुनवाई के लिए उर्मिला को नोटिस जारी कर अदालत में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सुनवाई के लिए 18 नवंबर की तारीख तय की गई थी, लेकिन बुधवार को भी उनके पेश नहीं होने से सुनवाई नहीं हो सकी। अब दो दिसंबर को सुनवाई होगी।