हरिद्वार। राज्य के अपदस्थ मुख्यमंत्री हरीश रावत रुडक़ी में लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकालकर रविवार की रात हरकी पैडी पहुंचे । इस दौरान मांग गंगा की पूजा कर उन्होंने संघर्ष के मौजूदा दौर से निपटने के लिए शक्ति की कामना की। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा और दावा किया कि वे साजिशों को मात देकर कांग्रेस को दोबारा पूरी शक्ति के साथ सत्ता में लेकर आएंगे।
रात करीब नौ बजे हरिद्वार पहुंचे हरीश रावत सीधे हरकी पैडी गए जहां श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा गांधीवादी की अगुआई में पंड़ितों ने गंगा पूजा कराई। पूजा के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए रावत ने कहा कि वे मां गंगा का इसलिए धन्यवाद ज्ञापित करने आया था कि उन्होंने मुझे अपनी सेवा का मौका दिया। मां गंगा से कहा कि मैं जिनता ज्यादा से ज्यादा कर सकता था वह किया उसे स्वीकार कर सकें और जो नहीं कर सका उसके लिए उन्हें क्षमा करें। रावत ने प्रदेश के हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि असंवैधानिक कदम उठाकर भाजपा ने जिस तरह कांग्रेस सरकार को गिराया वह लोकतंत्र और उत्तराखंड दोनों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अब धनबल और सत्ता दलबदल के आधार पर सरकार गिराने का दौर चल पड़ा है ऐसे में यह जरूरी नहीं कि ऐसे साजिश कर गिराई गई उनकी सरकार आखिरी हो। स्टिंग ऑपरेशन की सीडी के बारे में उन्होंने कहा कि इस मामले को वे जनता और मीडिया के विवेक पर छोड़ते हैं। अधिक से अधिक लोग इस सीडी को देखें और अगर मैं दोषी हूं तो मुझे कूड़ेदान में डाल दें अन्यथा साजिश करने वालों को सजा दें। कहा कि अगर सीडी के आधार पर हीइ मुख्यमंत्री बदले जाते तो सबसे पहले नरेंद्र मोदी और अमित शाह को अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि ऐक जमाने में उनकी सीडी भी पूरे देश में चर्चा का विषय बनी थी। उन्होंने दावा किया कि वे कांग्रेस को वे पूरी ताकत के बाद फिर सत्ता में लेकर आएंगे।
---------------
नदारद दिखी भारी भीड़ कम ही कांग्रेसी पहुंचे
अभी चंद दिनों की ही बात है। मुख्यमंत्री के रूप में हरीश रावत के आने पर जिलेभर के कांग्रेसी उनके आगे पीछे नजीर आते थे लेकिन रविवार की रात हरिद्वार आने पर बमुश्किल 50-60 कांग्रेसी ही उनका अभिवादन करने पहुंचे हरिद्वार पहुंचने पर निवर्तमान ओएसडी पुरुषोत्तम शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अंशुल श्रीकुंज, महिला अध्यक्ष अंजू द्विवेदी, बीना कपूर, धर्मेंद्र अंबुवाला, भारत तनेजा, तरुण नैयर, शिवकुमार कश्यप, राजीव पाराशर, मयंक शर्मा, आशीष चौधरी आदि मौजूद रहे जबकि पुल जटवाड़ा ज्वालापुर पहुंचने पर नईम कुरैशी, रफी खान, संतोष चोहान, सुनील अरोड़ा आदि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।