हरिद्वार। पंजाब में हुई आतंकी वारदात के बाद कुंभनगरी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। अर्द्धकुंभ मेला पुलिस की एटीएस ने भी हरकी पैड़ी पर मोर्चा संभाल लिया है। पैरामिलिट्री फोर्स को लेकर सार्वजनिक स्थान पर सघन चेकिंग देर शाम तक लगातार जारी रही। सीमावर्ती क्षेत्रों पर भी अर्द्धकुंभ पुलिस मुस्तैद हो गई है।
नये साल के दूसरे दिन पंजाब के पठानकोट में आतंकी वारदात को अर्द्धकुंभ पुलिस ने गंभीरता से लिया है। अर्द्धकुंभ मेले के आईजी जीएस मर्तोलिया के निर्देश पर पूरा पुलिस अमला हरकत में आ गया। आनन फानन में पैरामिलिट्री फोर्स के बम निरोधक दस्ते एवं डॉग स्कवॉयड से चेकिंग शुरू की गई। हरकी पैड़ी समेत आसपास के गंगा घाट का चप्पा चप्पा खंगाला गया। रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड की भी टोह ली गई।
आईजी ने खुद हरकी पैड़ी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को जरा भी लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। एसएसपी अर्द्धकुंभ मेला जगतराम जोशी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड एवं हरकी पैड़ी में राउंड द क्लॉक चेकिंग करा रहे है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को लेकर चौकस रहने को कहा है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के कडे़ बंदोबस्त कर दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ते एवं डॉग स्क्वॉयड से लगातार चेकिंग करा रहे है। खुफिया तंत्र से मेला क्षेत्र में हो रही सघन चेकिंग को लेकर लगातार जानकारी ले रहे हैं।