केंद्र सरकार के युवा एवं अफेयर्स स्पोर्ट्स मंत्रालय ने गुरुकुल कांगड़ी विवि हरिद्वार को इंपेनल्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का केंद्र आवंटित किया है। इंस्टीट्यूट के माध्यम से उत्तराखंड के सभी विश्वविद्यालय एवं विद्यालयों के राष्ट्रीय योजना स्कीम के प्रोजेक्ट ऑफिसर और समन्वयकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र सरकार ने विवि को 23 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया है। गुरुकुल कांगड़ी के शिक्षा एवं ट्रेनिंग संकाय द्वारा प्रशिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. रूपकिशोर शास्त्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने उत्तराखंड राज्य में एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों एवं समन्वयकों को प्रशिक्षित करने के लिए निरंतर चौथी बार विवि का चयन किया है। गुरुकुल कांगड़ी भारत में इकलौता विवि है जहां शिक्षकों और छात्रों को वेद की ऋचाएं और भाष्यों का पाठ पढ़ाया जाता है। गुरुकुल के इम्पेनल्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के समन्वयक डॉ. मौहर सिह मीणा ने बताया कि पूरे देश में चार इम्पेनल्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट बनाए गए हैं।
केंद्र के माध्यम से एनएसएस से जुड़े अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षक अपने-अपने क्षेत्र में समाज सेवा के क्षेत्र में प्रसार-प्रचार करेंगे। भेषज विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सत्येंद्र राजपूत ने कहा कि ट्रेनिंग के माध्यम से विवि की धरोहर यज्ञ और वेद का प्रचार-प्रसार प्रांत स्तर पर किया जाएगा। ट्रेनिंग में उन पहलुओं को छुआ जाएगा जो अन्य विश्वविद्यालयों में ट्रेनिंग नहीं होती है। इस दौरान डॉ. दीनदयाल, डॉ. पंकज कौशिक, डॉ. विपिन शर्मा, डॉ. कपिल गोयल, कुलभूषण शर्मा, बिजेंद्र सिंह, हेमंत सिंह नेगी मौजूद रहे।