हरिद्वार। शिक्षक स्कूल पहुंचने में लापरवाही बरत रहे हैं। सरकारी आदेशों की धज्जियां भी उड़ा रहे हैं। इसका खुलासा मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता के निर्देश पर संयुक्त टीम की ओर से की जा रही छापेमारी में खुल गई। मामले में कार्रवाई के लिए टीम की ओर से रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि स्कूलों की व्यवस्था देखने के लिए एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है। इसमें समग्र शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक, मिड-डे मील के जिला समन्वयक और निर्माण विभाग के जेई, एई को शामिल किया गया है। टीम की ओर से बुधवार को नारसन ब्लॉक क्षेत्र में छापेमारी की गई थी। इसमें अनेक स्कूलों में खामियां पाई गई हैं।
बृहस्पतिवार को टीम की ओर से चंडीघाट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छापा मारा गया। जहां, स्कूल के अध्यापक समय पर आते हुए नहीं पाए गए। लालढांग क्षेत्र के स्कूलों की भी जांच की गई। यहां छात्रों की संख्या बेहद कम पाई गई। कुछ स्कूलों में तैनात अध्यापक अवैध रूप से अटैचमेंट पर मिले, जबकि स्कूलों में अटैचमेंट समाप्त कर दिए गए हैं।
इसके अलावा भी स्कूलों में बनाए जाने वाले मिड-डे मील और निर्माण कार्याें में अनियमिताएं पाईं गईं। मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि संयुक्त टीम की ओर से औचक छापेमारी का अभियान जारी रहेगा। जिसमें दोषी पाए जाने वाले अध्यापकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।