जिला पंचायत की बैठक में आय व्यय के ब्यौरे के साथ समितियों का गठन करते हुए सभी सदस्यों से विकास कार्य के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। शासन के आदेश के अनुसार अब जिला योजना समिति के सदस्यों द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर ही ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा। बैठक में सदस्यों ने स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं उठाते हुए डेंगू और मलेरिया के पर्याप्त इंतजाम न होने के साथ स्कूलों में मास्टर न होने और पेयजल की समस्या उठाई।
प्रत्येक दो महीने में एक बैठक करने पर प्रस्ताव होने के साथ ही एडीएम से आवास खाली कराने की बात उठी। बैठक में महिला सदस्यों ने कोई सवाल नहीं पूछा। यहां तक कि कई तो अपना परिचय तक नहीं दे सकी। शुक्रवार को जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत सदस्यों की दूसरी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए चेयरमैन सविता चौधरी ने प्रस्ताव रखने को कहा। अपर मुख्य अधिकारी आरएन त्रिपाठी ने समितियों के गठन के बारे में जानकारी दी। किसी भी सदस्य के विरोध न करने पर समितियों का गठन हो गया हालांकि सदस्य अमीलाल वाल्मीकि ने समिति के गठन का नियम पूछा। भूप सिंह ने दौलतपुर गांव में स्वास्थ्य केंद्र पर दवा रखवाने की मांग उठाई। इसके अलावा रोशनलाल, अमन त्यागी, सीएमओ डा. बीएस जंगपांगी, अमन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राव आफाक अली, विजयपाल, जिला कृषि अधिकारी जेपी तिवारी, सीडीओ मेहरबान बिष्ट आदि ने भी विभिन्न मांगें उठाईं।
यह बनाई समिति और इन्हें शामिल किया
प्रशासनिक समिति में अध्यक्ष सविता चौधरी, सदस्यों में विजयपाल सिंह, रजनीश, मोनिका, सपना, नूरहसन, मोहिनी को शामिल किया। नियोजन एवं विकास समिति में अध्यक्ष सविता चौधरी, सदस्यों में विजयपाल सिंह, किरत सिंह, विमला, नीतू, फुरकान, लतीफन को शामिल किया। जल प्रबंधन समिति में अध्यक्ष सोनी, सदस्यों में फूल कुमार, सुखविंदर कौर, फसात अली, पिस्तो देवी, फुरकान, मोसिना को शामिल किया। निर्माण समिति में अध्यक्ष मैसो देवी, सदस्यों में पिस्ती देवी, कविता, किरत सिंह, अखलाक, मोहसिना, अनुज कुमार को शामिल किया। शिक्षा समिति में राव आफाक अली को अध्यक्ष, सदस्यों में रोशनलाल, तोसी, मीनाक्षी, लतीफन, किश्वर, तेजपाल को शामिल किया। स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति में अध्यक्ष बालेश, सदस्यों में प्रवीन, अनुज, भूप सिंह, विमला, अखलाक, नीतू को शामिल किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने दिए गलत जवाब
भाजपा सदस्य अमन त्यागी ने छात्रवृत्ति संबंधित जानकारी मांगी तो जिला पंचायत उपाध्यक्ष राव आफाक ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से केंद्र और राज्य मद से मिले बजट की जानकारी देने को कहा। इस पर कई सदस्यों ने विरोध जताया। लेकिन समाज कल्याण अधिकारी पीआर मुलेठा ने राज्य से मिले 28 करोड़ रुपये के बजट को केंद्र सरकार का बताया तो जानकारी न होने पर उनका उपहास उड़ाया गया।
ये नहीं पहुंचे
जिला पंचायत की बैठक में 47 में से सात सदस्य नहीं पहुंचे जिनमें पूर्व अध्यक्ष अंजुम बेग, सत्तार, देवयानी सिंह, बबली, शारदा आदि नहीं पहुंचे। इनके साथ शिक्षा, जिला उद्यान विभाग से कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। चेयरमैन सविता ने ऐसे विभागों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण लेने को कहा।