धर्मनगरी के लोगों को जल्द ही पाइप लाइन से रसोई गैस मिलने की सौगात मिलने जा रही है। आज मंगलवार को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान प्रेमनगर आश्रम में पीएनजी-सीएनजी योजना के तहत प्राकृतिक गैस जागरूकता अभियान का शुभारंभ करेंगे। शहर में 70 फीसदी लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है।
रानीपुर मोड़ स्थित आश्रम में सुबह 11 बजे अभियान के जरिये उपस्थित लोगों को प्राकृतिक गैस के उपयोग के लाभ बताए जाएंगे। नेचुरल गैस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय के कई अधिकारी पहुंच गए हैं। कार्यक्रम संयोजक विधायक मदन कौशिक ने बताया कि शहर में पाइप लाइन बिछाने का काम 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। 30 प्रतिशत काम जल्द पूरा होगा। फिलहाल शहरी क्षेत्र के लिए योजना को लांच किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज, विधायक मदन कौशिक, मेयर मनोज गर्ग, विधायक आदेश चौहान, विधायक संजय गुप्ता, विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक चंद्रशेखर समेत पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारी मौजूद रहेंगे।