रानीपुर में फेंके जा रहे कूड़े को लेकर निरीक्षण करते प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारी ।
- फोटो : HARIDWAR
नगर पालिका शिवालिक नगर क्षेत्र में बरसाती नदी रानीपुर रोह में फेंके जा रहे कूड़े को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) के क्षेत्रीय अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने नदी में कूड़ा फेंकने के साथ ही जलाने को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। इस लापरवाही को लेकर पीसीबी नगर पालिका को नोटिस जारी करेगा।
राजाजी पार्क से निकलकर भेल परिसर के मध्य वन क्षेत्र में बहने वाली रानीपुर रोह नदी में कूड़ा डंप करने के साथ ही जलाने की शिकायत विकास तिवारी ने जिला प्रशासन के साथ-साथ भेल प्रशासन से की थी। लेकिन दोनों ने ही इसको गंभीरता से नहीं लिया। जिसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में से शिकायत की गई। इसके बाद अब पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी सुभाष पंवार ने टीम के साथ शिवालिक नगर पहुंचकर निरीक्षण किया।
उन्हें मौके पर कई मीट्रिक टन कूड़ा नदी में डंप हुआ मिला। जिससे वन भूमि और नदी क्षेत्र प्रदूषित हो रही थी। साथ ही कूड़े के आसपास आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा होने के साथ ही कूड़े के ढेरों से धुआं उठता देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने यहां कुछ ही दूरी पर बने आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सॉलिड वेस्ट सेग्रिगेशन प्लांट का भी निरीक्षण किया। जहां 13 वार्डों में से केवल आठ वार्डों के कूड़े का निस्तारण हो रहा था। जबकि अन्य पांच वार्डों का काम मिशन सुनहरा कल से हटाकर किसी अन्य कंपनी को दिया होने से कूड़े का निस्तारण करने के स्थान पर नदी में डंप किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद मौका मुआयना किया गया है। मौके पर नदी में कूड़ा डंप किया जा रहा था। नगर पालिका को नोटिस जारी किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्यालय भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
- सुभाष पंवार, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड