हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में प्लॉट बेचने के नाम पर 15 लाख 50 हजार की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, राजदीप सिंह निवासी राजागार्डन जगजीतपुर ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसे एक रिहायशी प्लॉट की आवश्यकता थी। इस दौरान उसकी मुलाकात इस्माइलपुर लक्सर निवासी मोहित सैनी, रोहित सैनी और महतौली सुल्तानपुर निवासी धनीराम से हुई। आरोप है कि तीनों ने ग्राम नूरपुर पंजनहेड़ी स्थित प्लॉट सौदा 15 लाख 50 हजार रुपये में तय किया। उसने 2 लाख रुपये नकद, 50 हजार रुपये यूपीआई और दो बार में 4-4 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए भुगतान किया। इसके बाद 8 जुलाई 2025 को उसकी पत्नी दीपिका के नाम रजिस्ट्री कर कब्जा भी दे दिया गया।
आरोप है कि 24 सितंबर 2025 को जब वह परिवार के साथ प्लॉट पर निर्माण कार्य के लिए पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने बताया कि जमीन पहले ही वर्ष 2016 में किसी अन्य महिला को बेची जा चुकी है। यह सुनकर उसके होश उड़ गए। आरोप है कि जब उसने तीनों लोगों से बात की तो उन्होंने गाली-गलौज कर साफ कह दिया कि प्लॉट पहले ही बेच चुके हैं और अब न तो पैसे लौटाएंगे और न ही किसी कार्रवाई से डरते हैं। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।