हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इस्लाम निवासी ग्राम भोगपुर कोतवाली लक्सर के कब्जे से 480 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में शनिवार की देर रात पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। रात करीब 10:30 बजे गढ़मीरपुर पथरी पुल तिराहे पर पथरी पुल की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने पुलिस को देखकर अचानक अपने दाहिने हाथ में पकड़े प्लास्टिक के थैले को फेंकने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने संदेह होने पर तुरंत उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम इस्लाम निवासी भोगपुर लक्सर बताया।
तलाशी के दौरान प्लास्टिक के थैले से दो डिब्बे बरामद हुए। जांच करने पर दोनों डिब्बों में कुल 480 कैप्सूल निकले। ये दवाइयां प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं और बिना वैध अनुमति इनके परिवहन व बिक्री पर रोक है। आरोपी ने कबूल किया कि वह ये नशीली दवाइयां अपने एक साथी नसरुद्दीन न्यू शिफा मेडिकल स्टोर, दौड़वासी नसीरपुर कलां, थाना पथरी से लेकर आया था और आगे सप्लाई करने जा रहा था। इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी को जेल भेज दिया गया। अन्य की तलाश की जा रही है।