हरिद्वार। वन विभाग ने गश्त के दौरान नवजात हाथी के बच्चे का रेस्क्यू किया है। उसे राजाजी टाइगर की चीला रेंज में रखा गया है। जहां वह अब स्वस्थ है और खड़ा भी हो पा रहा है, जबकि पहले वह खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
रविवार को वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को श्यामपुर रेंज की खारा बीट की पीली नदी में करीब दो दिन पूर्व जन्मा हाथी का बच्चा मिला है। टीम ने हाथी के नवजात बच्चे को देखकर अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हाथी के बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसे उठाकर खड़ा करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो सका।
इसके बाद शाम तक हाथी के बच्चे को छोड़कर मादा हाथी के लौटने का इंतजार किया गया, मगर मादा हाथी अपने बच्चे के पास नहीं आई। इससे उसे राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज के हाथी बाड़े में भेज दिया गया। जहां उसे महवतों और वन विभाग के कर्मचारियों की देखरेख में रखा जा रहा है।
वन विभाग की उप वन प्रभागीय अधिकारी पूनम कैंथोला ने बताया कि हाथी का बच्चा मादा है, जो अब स्वस्थ्य है। वह अपने पैरों पर खड़ा भी होने लगा है। उसे जरूरी उपचार दिया जा रहा है।