- तीन साल के लंबे इंतजार के बाद बनकर तैयार हुआ फ्लाईओवर
- जाम की समस्या से मिलेगी निजात, हादसों पर भी लगेगी रोक
जितेंद्र कोरी
श्यामपुर। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों का तीन साल का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। हाईवे पर लगभग दो किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। बुधवार से इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसके बनने से लोगों को जाम से भी निजात मिलेगी व हादसों पर भी रोक लगेगी।
अब तक वाहन चालकों को जर्जर और खतरनाक तिरछी पुलिया से होकर गुजरना पड़ता था। इस संकरे और गड्ढों वाले मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती थीं। कई लोग यहां गिरकर चोटिल हुए तो कई परिवारों ने अपनों को सड़क हादसों में खोया है। अब फ्लाईओवर शुरू होने से लोग सुरक्षित तरीके से सीधा कांगड़ी गांव तक का सफर तय कर सकेंगे। कावड़ मेला, आगामी 2027 कुंभ मेले और यात्रा सीजन में आने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कांगड़ी और आसपास के गांवों के लिए कनेक्टिविटी अब बेहद आसान हो जाएगी। साथ ही फ्लाईओवर बनने से अब जंगली हाथियों और अन्य जानवरों को आसानी से जंगल के आर पार जा सकेंगे। पहले 4.2 तिरछी पुलिया से पूरा यातायात गुजरता था और वहीं से हाथियों का आगमन भी बना रहता था। कई बार हाथी पुलिया के बीच खड़ा हो जाता था और घंटो जाम लगता था लेकिन अब मानव और वन्यजीवों की टकराव की स्थिति दूर होगी।
लगभग दो किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। साइन बोर्ड लग चुके हैं और डेंटिंग-पेंटिंग, रेलिंग जैसे अंतिम चरण के काम किए जा रहे हैं। बुधवार से फ्लाईओवर को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा जबकि शेष सौंदर्यीकरण के कार्य यातायात के साथ-साथ चलते रहेंगे।
- गौरव चौहान, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआई
-