हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में दूध कारोबारी से मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इश्तयाक पुत्र इशाक निवासी पांवधोई ने कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके भतीजे रिहान पुत्र इकबाल का दूध क्षेत्र की एक दुकान पर जाता है। 30 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे रिहान उनके बेटे अनस के साथ मोटरसाइकिल से दूध की बाल्टी लेकर घर लौट रहा था। पांवधोई की एक गली में परवेज, उस्मान, रईयान, सादिर और पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि गालियां देने से मना करने पर परवेज ने रिहान का गला दबाया। इसके बाद अन्य लोगों ने सरिया और लाठी-डंडों से रिहान के सिर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। पुलिस में शिकायत के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।