हरिद्वार/पथरी। पथरी थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में शनिवार को बरात की बस से बच्चों की उतराने पर कहासुनी के बाद हुई मारपीट के दौरान हुई दूल्हे के मामा की मौत के मामले में पुलिस ने पांच के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि झगड़े में लोहे की रॉड और सरिए से हमला किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे इब्राहिमपुर गांव से शाहरुख की मुजफ्फरनगर बरात जा रही थी। तब विवाद हो गया था, मारपीट के दौरान शाहरुख के मामा मुजम्मिल की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस को दी गई शिकायत में इमरान पुत्र भूरा निवासी ग्राम इब्राहिमपुर ने आरोप लगाया कि बिना बुलाए बच्चे जबरन बरात की बस में चढ़ रहे थे। इस पर मुजम्मिल (45) ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जिस पर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही निसार, इंतजार, मुख्तियार, अरशद और आदिल ने गाली-गलौज करते हुए मुजम्मिल से मारपीट कर दी।
आरोप लगाया कि मुख्तियार, निसार और आदिल लोहे की रॉड, सरिया और संडासी लेकर आए। इंतजार और अरशद ने मुजम्मिल को पकड़ लिया और जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल मुजम्मिल को तत्काल बहादराबाद स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।