नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित चमगादड़ टापू के पास झुग्गी-झोपड़ियों में भयंकर आग लग गई। आग की चपेट में आने से आसपास बनी छह झोपड़ियां जलकर राख हो गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। 12 झोपड़ियों को जलने से बचाया गया। इस घटना के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार की देर रात की है। पंतद्वीप पार्किंग में चमगादड़ टापू के पास अचानक एक झोपड़ी में आग लग गई। इसके बाद आग बढ़ती चली गई और आसपास की अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी दो यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। फायरकर्मी नजाकत अली, राहुल शर्मा, संजय कैंतुरा, चंद्र प्रकाश, संदीप जोशी, शैलेंद्र भट्ट, खुशहाल, नीरज राणा, जयवीर सिंह, मदन लाल, यशपाल राणा, दीपाली वर्मा, काजल ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाना शुरू किया।
कड़ी मशक्कत कर तीन घंटे से अधिक समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, लेकिन छह झोपड़ियां जलकर राख हो गई। अग्निशमन अधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि जलती हुई झोपड़ियों से दो गैस सिलिंडर सुरक्षित निकालने के साथ ही यहां रह रहे 35-40 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। छह झोपड़ियां पूरी तरह जल गई हैं, जबकि 10-12 झोपड़ियों को जलने से बचा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें....Uttarakhand: नई बसें चली न मुख्यमंत्री की चली, अफसरों ने अड़ाया अड़ंगा, 31 मार्च से बढ़ेगा बसों का संकट
आग देखकर सहमे लोग, खुली आसमान के नीचे आए
चमगादड़ टापू के पास झोपड़ियों में छोटे बच्चों सहित 35 से 40 लोग मौजूद थे। कुछ ही देर में देखते ही देखते आग विकराल रूप लेती चली गई। जिसे देखकर बड़े, बच्चे सहम गए और चीख पुकार मच गई। दमकल कर्मियों ने आग को बुझाने के साथ ही सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अब झोपड़ियां जलकर राख होने के बाद करीब 40 लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।