हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला को सम्मोहित कर सोने के आभूषण ठग लेने के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गीता पत्नी वेद प्रकाश निवासी राजीव नगर कॉलोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:10 बजे वह शिवलोक कॉलोनी से वापस लौट रही थीं। जब वह गोविंदपुरी स्थित यूको बैंक के सामने पहुंची तो एक युवक ने उनसे मेरठ जाने वाली बस के बारे में पूछा। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति भी वहां आ गया और पूछने लगा कि युवक उनसे क्या बात कर रहा है।
आरोप है कि दोनों युवकों ने बातों-बातों में उन्हें अपने प्रभाव में ले लिया। इसके बाद उनसे कानों के सोने के कुंडल और सोने का ओम उतरवा लिया। कुछ देर बाद पति का फोन आने पर उन्हें घटना का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने पति को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर दोनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।