- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर जाति विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि रोशनाबाद निवासी एक युवक ने वीडियो में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
पुलिस के अनुसार, कार्तिक कुमार निवासी सेक्टर चार, सिडकुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो नवंबर को उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो देखा। आरोप है कि वीडियो में रोशनाबाद निवासी वंश पाल जाति विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणी कर रहा था। वीडियो में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए टिप्पणी सार्वजनिक रूप से वायरल की गई थी। आरोप है कि वह किसी काम से रोशनाबाद जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात वंश पाल से हो गई। वीडियो के संबंध में पूछने पर वंश ने दोबारा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
आरोप है कि कहा कि वीडियो में तीन लोग शामिल हैं, जो करना है कर लो, वीडियो डिलीट नहीं करेंगे। अधिक बोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। कार्तिक का आरोप है कि वंश पाल उर्फ मुसा, दीपांशु पाल और एक अन्य अज्ञात युवक ने वीडियो बनाकर प्रसारित की है। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।