हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई कर्मचारी की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे कैमरे खंगालते हुए वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विमलेश शुक्ला निवासी मैगलागंज लखीमपुर हाल नेहरू कॉलोनी रोशनाबाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति अवनीश शुक्ला यहां नौकरी करते थे। 14 सितंबर को घर लौटते समय भेल मध्यभाग के पास सोलर प्लांट के समीप उनकी मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। मामले में अब सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।