हरिद्वार। ज्वालापुर में युवक से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। युवक को उसके ही परिचितों ने बुलाकर पहले हरिलोक तिराहे पर और फिर जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटा था।
छगरपुर शेर अफगानपुर निवासी शमीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 मार्च को उनका पुत्र आमिर ज्वालापुर स्थित पिठ बाजार में अपने जीजा के घर गया था। इसी दौरान उसके दोस्त अमरजीत ने फोन कर हरिलोक तिराहे पर बुलाया। वहां पहले से मौजूद अमरजीत के साथी शाह आलम, अरमान और प्रीतम चौधरी ने आमिर को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए आमिर को सिकरोड़ा के जंगल में ले जाकर फिर से पीटा और घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह घर पहुंचे आमिर की हालत गंभीर थी, जिसके बाद उसे भगवानपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर बताया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।