हरिद्वार। पहाड़ी महासभा ने अंकिता भंडारी की कथित निजी चैट सार्वजनिक करने के मामले में विनोद आर्य के खिलाफ सोमवार को नगर कोतवाली हरिद्वार में तहरीर दी। महासभा ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। विनोद आर्य अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता हैं।
महासभा ने इस मामले को एक दिवंगत बेटी की निजता और गरिमा से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील प्रकरण बताया। उन्होंने विनोद आर्य के विरुद्ध हरिद्वार कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महासभा ने निजी चैट सार्वजनिक करने और उससे संबंधित कानूनी उल्लंघनों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी। उसकी निजता और सम्मान की रक्षा करना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी दिवंगत बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक मंच पर लाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस को इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
सचिव जसवन्त सिंह बिष्ट ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। किसी को भी निजी चैट सार्वजनिक करने का अधिकार नहीं है। जसवन्त सिंह बिष्ट ने पुलिस से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर आंदोलन करने के लिए तैयार हैं।
वहीं महासभा के संरक्षक सतीश जोशी ने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच करने को कहा। उन्होंने यह पता लगाने की मांग की कि निजी चैट कैसे प्राप्त हुई और उसे सार्वजनिक क्यों किया गया। कार्यकारिणी सदस्य दीपक पांडेय समेत कई अन्य पदाधिकारियों ने इसके विरुद्ध मुखरता से आवाज उठाई है।