हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की बहन ने मैनपुरी निवासी एक युवती पर मानसिक उत्पीड़न, धमकी देने और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाते हुए कनखल कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, जगजीतपुर स्थित आनंदधाम कॉलोनी निवासी जूनू पत्नी मोहन पोखरियाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई विशाल पोखरियाल के पिछले कई महीनों से मैनपुरी निवासी निकेश सिसोदिया से संबंध थे। आरोप है कि शुरुआती दिनों में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन बाद में युवती विशाल पर मानसिक दबाव बनाने लगी। युवती पहले दिल्ली में रहकर नौकरी करती थी। वहां विवाद होने के बाद उसने विशाल से मदद मांगी थी। इसके बाद विशाल ने हरिद्वार में उसके रहने की व्यवस्था कराई।
आरोप है कि इसके बाद युवती लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी। छोटी-छोटी बातों पर आत्महत्या करने, खुद को नुकसान पहुंचाने और हाथ काटने जैसी धमकियां देकर वह विशाल पर दबाव बनाती थी। घटना से पहले विशाल ने अपनी बहन को मैसेज भेजकर बताया था कि वह लगातार मानसिक तनाव में है और युवती उसे धमका रही है। उसने मैसेज में लिखा था कि अब वह यह सब सहन नहीं कर पा रहा है।
इसके कुछ देर बाद 13 मई की रात विशाल ने अपने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित युवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।