हरिद्वार। परिचित को 50 हजार रुपये न देने पर एक व्यक्ति के साथ चार लोगों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि उसके अपहरण करने की भी कोशिश की गई। पुलिस ने जब उसकी सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्वालापुर कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि सुभाषनगर की अमर कॉलोनी निवासी सुधीर कुमार ने शिकायत देते हुए बताया कि उसकी जान पहचान मनीष कुमार निवासी एन-189 शिवालिक नगर रानीपुर से चली आ रही है। सुधीर का कहना है कि मनीष ने अपनी निजी आवश्यकताओं को बताते हुए उससे दिसंबर 2020 में 50 हजार रुपये की मांग की। इसके साथ ही जल्दी रुपये देने का दबाव बनाया।
सुधीर ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए रुपये देने से इंकार कर दिया। आरोप है बीती चार अगस्त को मनीष अपने साथी राजू बिष्ट और दो अज्ञात के साथ सुधीर के घर में घुस गया और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे घर से बाहर खींच लिया। इसके बाद उसको गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास करने लगे। शोर-शराबा सुनकर सुधीर की मां सावित्री देवी, पिता मदनपाल, पत्नी अर्चना व मनोज निवासी मोहल्ला विवेक विहार रानीपुर ने उसकी जान बचाई। घटना का पीड़ित के पास वीडियो रिकॉर्डिंग है। इसके बाद सुधीर ने ज्वालापुर पुलिस व एसएसपी कार्यालय में भी सुनवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थक हारकर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।