बहादराबाद थाना क्षेत्र में जून माह में हुए चर्चित सामूहिक दुष्कर्म-हत्याकांड प्रकरण में पीड़िता की मां को सरकार की तरफ से सहायता के तौर पर मिली रकम से 3.20 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। भीम आर्मी के नेता ने आरोपियों को सजा कराने के नाम पर बहला-फुसलाकर खाते से रकम निकलवा ली। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर बहादराबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक टीम आरोपी की धरपकड़ में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक, 24 जून को एक किशोरी की हत्या कर दी गई थी। इससे पहले उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने मामले का राजफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एक युवती सहित दो आरोपी फरार थे। मामले की पैरवी भीम आर्मी का नेता कर रहा था। मामले में नया मोड़ तब आ गया जब किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर नेता पर पैसे हड़पने का आरोप लगाया।
Haridwar: महिला कांवड़ यात्री के सिर और हाथ पर चढ़ाई कार, पार्किंग के नीचे ग्राउंड फ्लोर पर कर रही थी आराम
महिला ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी हत्या के बाद सरकार की तरफ से उसे करीब आठ लाख 11 हजार की अनुदान राशि मिली थी। रकम मिलने के बाद गांव के कुछ लोगों की नजर रुपयों पर टिक गई और हड़पने की मंशा रखने लगे। आरोप है कि नीरज निवासी बहादरपुर सैनी ने विश्वास में लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा ले जाकर दो किस्तों में उससे तीन लाख 20 हजार रुपये निकलवाकर ले लिए।
झांसा दिया कि वह उनकी बेटी के कातिलों को सजा दिलवाएगा। उसकी बातों में आकर रुपये दे दिए थे। बाद में पता चला कि नीरज ने धोखाधड़ी कर रुपये ठगे हैं। पैसे वापस मांगने पर उसने डराते हुए धमकी दी। थाना प्रभारी नरेश राठौड़ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी भीम आर्मी का नेता बताया जा रहा है। उसकी तलाश की जा रही है।