हरिद्वार। खनन खोले जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत लक्सर क्षेत्र के गांवों के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार शाम प्रेमनगर चौक से देवपुरा चौक से मातृ सदन परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद के पुतले की शवयात्रा निकालकर गुस्से का इजहार किया। जिलाधिकारी कैंप कार्यालय घेरने जा रहे ग्रामीणों की देवपुरा चौक पर रोक लेने के कारण प्रशासनिक एवं पुलिस अफसरान से नोंकझोंक भी हुई। करीब एक घंटे तक हंगामे प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण वापस लौट गए।
बृहस्पतिवार भारी संख्या में ग्रामीण प्रेमनगर आश्रम चौक पर एकत्र हुए। यहां से मातृ सदन प्रमुख शिवानंद के पुतले की शवयात्रा लेकर जिलाधिकारी कैंप कार्यालय की तरफ बढ़ गए। ग्रामीण मातृ सदन प्रमुख के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रेमनगर आश्रम चौक, चंद्राचार्य चौक, पुराना रानीपुर मोड, ऋषिकुल तिराहा पार कर चुके ग्रामीणों के हुजूम को पुलिस ने बैरियर लगाकर देवपुरा चौक पर रोक लिया। जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर जाने की जिद पर अड़े ग्रामीणों की पुलिस एवं प्रशासनिक अफसरों से नोंकझोंक भी हुई। एसपी सिटी ने जिलाधिकारी कार्यालय किसी भी सूरत में नहीं घेरने की बात कही। करीब एक घंटे तक ग्रामीण देवपुरा चौक पर ही डटे रहे। सिटी मजिस्ट्रेट जय भारत सिंह एवं एसपी सिटी नवनीत सिंह भुल्लर ने ग्रामीणों को जैसे तैसे समझाबुझाकर शांत किया। फिर ग्रामीणों ने खनन खोले जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा और फिर वापस लौट गए। प्रदर्शनकारियों में क्रशर मालिक पप्पी धींगड़ा, सन्नी कपूर, सतीश कुमार, कालू, शिवकुमार, मनोज चौहान, प्रमोद, लाल सिंह, अमित कुमार समेत ग्रामीण मौजूद रहे।
----------
एक ग्रामीण ने मुंडवाया सिर
हरिद्वार। स्वामी शिवानंद के पुतले की शव यात्रा निकालने से पूर्व एक ग्रामीण राजीव ने अपना सिर मुंडवाया। पुतले की शव यात्रा के आगे आगे वो हांडी लेकर चल रहा था और हांडी में आग लगाकर धुंआ भी किया गया था।