हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। शोर सुनकर जब पड़ोसी मदद के लिए आए तो उन पर भी वार कर दिया गया। घटना में घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रामकुमार राणा निवासी शास्त्री नगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे वह घर पर थे। तभी सामने वाले मकान की छत पर दो युवक उनके घर की मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। विरोध करने और मकान मालिक से शिकायत की बात कहने पर युवकों ने गाली-गलौज की और धमकाया।
कुछ देर बाद समीर और मनजीत अपने साथियों गुड्डी, गौरव व दो-तीन अन्य लोगों के साथ हाथों में सरिया, डंडे और ईंटें लेकर जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने सरिया और लाठी से बेरहमी से पीटा। इस दौरान महिला आरोपी गुड्डी ने उनकी आंख पर वार कर दिया।
शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तभी समीर और मनजीत ने रवि कुमार पर भी सरिए से हमला कर दिया। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। हमले में रामकुमार और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने रामकुमार को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है।