- खाली पड़ी जमीन पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से डाला जा रहा कूड़ा
- गंदगी और दुर्गंध से बढ़ी दिक्कत, संक्रामक रोग फैलने का भी डर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ट्रांसपोर्ट नगर में खाली पड़ी जमीन को कूड़ा डंपिंग जोन बना दिया गया। यहां रोजाना ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कूड़ा लाकर डाला जा रहा है। कूड़े के कारण आसपास गंदगी फैल गई है और दुर्गंध के कारण व्यापारियों और यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
व्यापारियों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से खाली जगह पर कूड़ा डाला जा रहा है। ये नहीं मालूम कि ये कौन डाल रहा है व कौन डलवा रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर में पहले से ही वाहनों की आवाजाही और धूल के कारण दिक्कत रहती है। अब खाली जमीन पर लगातार कूड़ा डाले जाने से स्थिति और खराब हो गई है। कूड़े के ढेर के आसपास पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इसके अलावा तेज हवा चलने पर कूड़ा उड़कर दुकानों और सड़क तक पहुंच जाता है।
व्यापारियों ने प्रशासन से खाली जमीन पर कूड़ा डालने पर रोक लगाने और यहां जमा कूड़े को तत्काल हटाने की मांग की है। व्यापारी अजय बजाज, हेमंत शर्मा, लाखन, सजल, पंकज का कहना है कि यदि इसी तरह कूड़ा डाला जाता रहा तो आने वाले दिनों में बीमारी और दुर्गंध की समस्या और बढ़ सकती है। नियमित सफाई और कूड़ा डालने की व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए। डीएम मयूर दीक्षित का कहना है कि संबंधित विभाग को इस संबंध में निर्देश दिए जाएंगे।