कांवड़ यात्रा में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी। हरिद्वार पुलिस के पास चार ड्रोन हैं। वहीं अन्य जिलों से ड्रोन की मांग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर ड्रोन को किराये पर भी लिया जाएगा। इसके साथ ही कांवड़ मेले के दौरान जिला व हाईवे पर छह कंपनियां अर्द्धसैनिक बल की तैनात की जाएंगी।
श्रावण मास की शिवरात्रि का कांवड़ मेला 14 जुलाई से शुरू हो रहा है। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कांवड़ पटरी मार्ग पर पथ प्रकाश के साथ ही लाउड स्पीकर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मेला क्षेत्र व जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, अर्द्धसैनिक बल और बम निरोधक दस्ते को तैनात किया जाएगा। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कांवड़ मेले में एक पुलिस अधीक्षक, 12 अपर पुलिस अधीक्षक, 31 पुलिस उपाधीक्षक और 67 थाना प्रभारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ मेला क्षेत्र व जिन रास्तों से कांवड़िये गुजरेंगे, उन पर ड्रोन से निगरानी होगी। इस बार कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस फोर्स की संख्या भी बढ़ा दी गई है। बाहरी जिलों से भी फोर्स की मांग की गई है। इसके साथ ही अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती भी की जाएगी। वहीं पीएसी की 15 कंपनियां तैनात की जा रही हैं।