उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान है। हरिद्वार जिले की 11 विधानसभाओं में चुनाव ड्यूटी कर्मियों के लिए जिला निर्वाचन की ओर से 506 बसों का अधिग्रहण हो गया है। इनमें 56 बसें परिवहन निगम की और 450 निजी बसें हैं। बसों का अधिग्रहण होने से शादी वाले परिवारों में बरातियों को ले जाने की समस्या खड़ी हो सकती है। बसों की मारामारी के शादी की बुकिंग के लिए बसों का किराया भी मनमाना हो गया है। इससे शादी वाले परिवारों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
मकर संक्रांति के साथ ही खरमास की समाप्ति के बाद मांगलिक कार्य शुरू हुए हैं। जनवरी में कोविड की तीसरी लहर की दहशत रही। इससे कई परिवारों ने शादियों की तिथि बढ़ाकर फरवरी में कर दी। पांच फरवरी से शुभ मुहूर्त शुरू हो गए हैं। 22 फरवरी तक शादियों का लगन है। इस बीच 14 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए प्रशासन ने 450 प्राइवेट बसों का अधिग्रहण कर लिया है। 14 फरवरी को भले ही मुहूर्त नहीं है, लेकिन 11, 12 को बड़ा लगन है। ऐसे में चुनाव ड्यूटी के लिए अधिग्रहण होने वाली बसें 12 फरवरी से निर्वाचन विभाग के अधीन हो जाएंगी।
शादी में बरात के लिए बसों का संकट हो गया है। जो बसें मिल भी रहीं हैं मनमाना किराया मांगा जा रहा है। शादी वाले परिवार ट्रेवल एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। ट्रेवल एजेंसी संचालक बसों का संकट बताकर दोगुना किराया वसूलने लगे हैं।
बहादराबाद के मनोज कुमार ने बताया कि 12 फरवरी को बेटे की शादी है। बारात मुजफ्फरनगर जानी है। बस वाले से पहले ही बात कर ली थी। लेकिन अब आपरेटर की बस चुनाव ड्यूटी में लग गई है। बस चालक दूसरी बस की व्यवस्था तो करने का आश्वासन दे रहा है, लेकिन किराया दोगुना कर दिया है। मनोज की तरह कई लोग इस तरह की परेशानी से जूझ रहे हैं। कइयों ने छोटी गाड़ियों का इंतजाम करने में जुटे हैं।
फरवरी में इन तिथियों पर शुभ मुहूर्त
फरवरी माह में पांच फरवरी से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो चुके हैं। 6, 7, 9, 10, 11, 12, 18, 19, 20 और 22 तारीख तक ही विवाह की शुभ तिथियां हैं। इसके बाद फिर मार्च में सिर्फ 4 और 9 मार्च को शादी के मुहूर्त रहेंगे। होलाष्टक के बाद अप्रैल माह में 14 अप्रैल 2022 से विवाह शुरू हो सकेंगे।
हरिद्वार से रुड़की तक के लिए बरात की बस सात से आठ हजार रुपये में बुक हो जाती थी। लेकिन अधिकतर निजी बसों के चुनाव ड्यूटी के लिए अधिग्रहण होने से बसों की मारामारी है। हरिद्वार से रुड़की के लिए बसें अब 12 हजार से अधिक में बुक हो रही हैं।
- केपी सिंह, ट्रेवल एजेंसी संचालक