हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में चंडीपुल पर बृहस्पतिवार देर रात सड़क हादसे में सरकारी डॉक्टर की मौत हो गई। डॉ. यमकेश्वर ब्लॉक में तैनात थे। डॉक्टर की जल्द ही शादी होने वाली थी। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे डॉ. संकेत मोतियान (28) पुत्र अनिल मोतियान निवासी गली नंबर-7 नवोदय नगर सिडकुल बाइक पर लक्ष्मणझूला से लौट रहे थे। चंडीपुल पर उनकी बाइक सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
डॉ. संकेत की जल्दी ही शादी होने वाली थी। उन्होंने 2022 में दून मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद सरकारी सेवा में चयनित होकर यमकेश्वर ब्लॉक में उनकी तैनाती हुई थी। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि डॉक्टर संकेत मोतियान पौड़ी जनपद के यमकेश्वर ब्लॉक में सरकारी डॉक्टर के पद पर तैनात थे। दशहरे की छुट्टी पर ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।